स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का शुभारंभ, 25 सप्ताह तक चलेगा आयोजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 15 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित मुक्ताकाशी मंच से छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। यह आयोजन 25 सप्ताह तक यानी 6 फरवरी 2026 तक पूरे प्रदेश में जनभागीदारी और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक का उत्सव है। उन्होंने सभी वर्गों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। बीते 25 वर्षों में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अब लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान ‘बस्तर ओलंपिक’ और ‘बस्तर पंडुम’ जैसे पारंपरिक आयोजन भी होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अब धान 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी का लाभ मिल रहा है और दो सालों में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक सीधे उनके खातों में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की जीएसडीपी 21 हजार करोड़ से बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंची है और लक्ष्य इसे अगले पांच सालों में 10 लाख करोड़ तक ले जाने का है।
शुभारंभ अवसर पर रजत महोत्सव विशेषांक, लोगो और वेब पोर्टल का भी विमोचन किया गया। संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव ने स्वागत भाषण में कहा कि यह अवसर इतिहास को दोबारा जीने और संस्कृति पर गर्व करने का है। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।