आंवला नवमी पर मुख्यमंत्री ने आंवला वृक्ष की पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

रायपुर। आंवला नवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आंवला नवमी, जिसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है, भारतीय संस्कृति में धन, आरोग्य और समृद्धि का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि आंवला वृक्ष न केवल धार्मिक रूप से पूजनीय है, बल्कि इसमें औषधीय गुण भी विद्यमान हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि परंपरा के अनुसार आंवला वृक्ष के नीचे भोजन करने और आंवला फल का सेवन करने से आरोग्य, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस दिन आंवला वृक्ष की पूजा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्राकृतिक व औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं, इसलिए इनका संरक्षण करना हम सभी का सांस्कृतिक और नैतिक दायित्व है।





