रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 23 जून को ओलम्पिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, प्रदेश वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, संघ के उपाध्यक्ष सुनील रामदास और संयुक्त सचिव प्रशांत रघुवंशी मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संघ की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ओलम्पिक दिवस का आयोजन खेलों के प्रति जनजागरूकता और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय स्वयं छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। खेलों के विकास और खिलाड़ियों के सशक्तिकरण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता से संघ के पदाधिकारी अत्यंत उत्साहित हैं।