StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

रायपुर में 1 करोड़/Kg वाला ‘OG गांजा’ जब्त: सिंगर गिरफ्तार, हाईप्रोफाइल ग्राहकों को करता था सप्लाई

रायपुर। राजधानी में हाईक्वालिटी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ‘ओजी गांजा’ (ओसियन ग्रो) सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खास किस्म के गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए प्रति किलो तक होती है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक पसरिचा (26) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है, जो रायपुर के शंकर नगर स्थित अशोका हाईट्स में किराए पर रह रहा था। पेशे से सिंगर बताने वाला आरोपी इसी आड़ में हाईप्रोफाइल ग्राहकों को गांजा सप्लाई करता था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कटोरा तालाब इलाके में ड्रग्स की डिलीवरी देने आने वाला है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 114 ग्राम ओजी गांजा, 2.87 किलो सामान्य गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3.62 लाख रुपए बताई गई है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली में बैठे अपने एक साथी के जरिए कुरियर से गांजा मंगवाता था। इसके बाद रायपुर में अलग-अलग ग्राहकों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और इसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ‘ओजी गांजा’ हाइड्रोपोनिक तकनीक से तैयार किया जाता है, जिसमें मिट्टी की जगह पानी और पोषक तत्वों का उपयोग होता है। इसकी क्वालिटी और असर के कारण यह बेहद महंगा होता है और खास वर्ग के ग्राहकों में इसकी मांग रहती है।

बताया जा रहा है कि रायपुर में पहली बार इस तरह के ओजी गांजा की जब्ती हुई है। इससे पहले दुर्ग जिले में इसकी कार्रवाई सामने आई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Related Articles

Back to top button