विश्व रेडक्रॉस दिवस पर मुख्यमंत्री से मिले पदाधिकारी: सीएम साय बोले- मानवता की सेवा में रेडक्रॉस की भूमिका सराहनीय

रायपुर। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ शाखा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रेडक्रॉस का बैज पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने किया। मुलाकात के दौरान रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे सामाजिक और मानवीय कार्यों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मानवता की सेवा के साथ आपदा और संकट के समय में रेडक्रॉस संस्था की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के स्वयंसेवक जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस से जुड़े सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को विश्व रेडक्रॉस दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन रुपेश पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष संजय पटेल, राज्य प्रबंध समिति सदस्य प्रदीप साहू और संरक्षक सदस्य दिनेश तापड़िया भी मौजूद रहे।

Exit mobile version