छत्तीसगढ़ में डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य: सूप में ठेकुआ-फल सजाकर घाट पहुंचे श्रद्धालु; कल उगते सूरज को देंगे अर्घ्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ पर नदी-तालाबों के घाटों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। व्रती महिलाएं पारंपरिक सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल और पूजा सामग्री सजाकर घाट पहुंचीं।

ढोल-नगाड़ों और छठ गीतों के बीच विधि-विधान से छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा की गई। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा।

राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर दोनों तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ के चलते महादेव घाट रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।

बिलासपुर के तोरवा छठ घाट पर करीब एक किलोमीटर लंबे घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। यहां 5100 दीपों से महाआरती की तैयारी है। श्रद्धालुओं के लिए कारपेट भी बिछाया गया है।

रायगढ़ से बस्तर तक घाटों पर रौनक

रायगढ़ में केलो नदी के जूटमिल क्षेत्र स्थित सबसे बड़े छठ घाट के अलावा एसईसीएल रोड और बेलाडुला के खर्राघाट पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। बेमेतरा में बंधवा तालाब पर बाजे-गाजे के साथ व्रतियों ने पूजा की। दुर्ग-भिलाई के सेक्टर-2 छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।

सरगुजा के अंबिकापुर में शंकर घाट पर गन्ने का मंडप बनाकर पूजा की गई। यहां व्रतियों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम भी बनाया गया था। जिले के 13 घाटों पर आयोजन हुए।

सूरजपुर के रेड नदी छठ घाट, जशपुर के नदी-तालाबों और रामानुजगंज के कन्हर नदी घाट पर भी श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। मनेंद्रगढ़ में भी घाटों पर पूजा-अर्चना हुई। वहीं जगदलपुर के गंगामुंडा तालाब और दंतेवाड़ा की डंकनी नदी के घाट पर छठ पूजा की तैयारियां की गईं।

सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती फिर घाटों पर पहुंचेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा।

↑
Exit mobile version