रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई, लेकिन पहले ही दिन कई जिलों में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कहीं ऑनलाइन टोकन की तारीख जनवरी में मिल रही है तो कहीं पंजीकृत रकबा कम होने से किसान अपनी पूरी उपज नहीं बेच पा रहे। दुर्ग में करीब डेढ़ एकड़ रकबा रिकॉर्ड से कम होने पर किसान शिवप्रसाद निर्मलकर ने आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
वहीं, सुकमा में खरीदी के पहले दिन एक भी किसान का टोकन नहीं कटा। दोपहर तक केंद्रों में किसान और धान से भरी गाड़ियां नहीं पहुंचीं।
दुर्ग के जंजगिरी निवासी शिवप्रसाद निर्मलकर ने बताया कि राजस्व रिकॉर्ड में उनकी करीब 67 आर जमीन कम दर्ज हो गई है। इससे लगभग 33 क्विंटल धान बेचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कर्ज लेकर खेती की है।
कलेक्टर से शिकायत के बाद अधिकारियों को रकबे की गलती सुधारकर दो-तीन दिन में मुख्य कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस ने मामले को षड्यंत्र बताते हुए किसानों का पूरा धान खरीदने की मांग की है।
सुकमा में 27 समितियों में खरीदी की तैयारी
सुकमा जिले में 27 समितियों के 18,641 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इसके बावजूद पहले दिन किसी किसान का टोकन नहीं कटा। खाद्य अधिकारी रवि शंकर कोमरा के मुताबिक, धान कटाई देर से होने के कारण शुरुआती दिनों में किसानों की आवक कम रहने की संभावना है।
कहीं टोकन, कहीं खरीदी की शुरुआत
दुर्ग के अंडा केंद्र में किसान तुलाराम देशमुख को ऑनलाइन टोकन की तारीख 21 जनवरी मिली। उन्होंने ऑफलाइन टोकन के लिए आवेदन किया। इसके उलट धमतरी में पहले दिन 550 से ज्यादा किसानों ने टोकन कटवाया।
रायपुर में कलेक्टर ने केंद्रों पर पहुंचकर धान की नमी जांची और तौल भी कराई। कोरबा के हरदीबाजार केंद्र में पहली किसान गीतांजलि डहरिया ने 12.80 क्विंटल धान बेचा।
इस साल सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल खरीदी होगी। केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 की गई है। टोकन के लिए तुंहर टोकन ऐप और फसल सत्यापन के लिए एग्रीस्टैक व डिजिटल क्रॉप सर्वे का इस्तेमाल किया जा रहा है।
