StateNewsदेश - विदेश

PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी: BJP ने साइबर थाने में दी शिकायत, डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

रांची। रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक Instagram पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस संबंध में रांची साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने पुलिस से मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है।

भाजपा के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर ऋषिकेश चौहान नाम के अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ ऐसी सामग्री पोस्ट की गई, जिसमें उन्हें मृत दर्शाने का आरोप है। पोस्ट में अंतिम संस्कार से जुड़ी शब्दावली के इस्तेमाल का भी दावा किया गया है। भाजपा ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

अजय साह ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की IP लॉग, लॉगिन हिस्ट्री, डिवाइस डिटेल, लिंक्ड मोबाइल नंबर, ईमेल और मेटाडाटा समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के दौरान इन डिजिटल साक्ष्यों से पोस्ट के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

शिकायत दर्ज कराने के दौरान अजय साह के साथ भाजपा कार्यकर्ता मुदित चंदेल, विश्वजीत सिंह, राजकिशोर साहू, महेश महतो, अमन कुमार और सुमित साहू भी मौजूद रहे।

वहीं, रांची साइबर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। पहले मामले का सत्यापन किया जाएगा और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

भाजपा ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पोस्ट किस अकाउंट से और किस उद्देश्य से किया गया था।

Related Articles

Back to top button