“देश का प्रकृति परीक्षण” अभियान का सम्मान, छत्तीसगढ़ को मिला देश में तीसरा स्थान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ने “देश का प्रकृति परीक्षण” अभियान के पहले चरण में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए राज्य को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
मुंबई में आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव की उपस्थिति में यह सम्मान दिया गया। छत्तीसगढ़ की ओर से यह पुरस्कार डॉ. संजय शुक्ला (राज्य समन्वयक एवं रजिस्ट्रार, छ.ग. आयुर्वेदिक, यूनानी एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद) ने प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने बताया कि यह अभियान 26 नवंबर 2024 (संविधान दिवस) को शुरू हुआ था और 25 दिसंबर 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर समाप्त हुआ था। अभियान के दौरान 4.5 लाख से अधिक नागरिकों का प्रकृति परीक्षण किया गया, साथ ही 40,000 से अधिक केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की भी जांच की गई। उन्होंने कहा, “यह सम्मान छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। हम राज्य की जनता के हित में निरंतर काम करते रहेंगे।”