छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश के आसार नहीं: मानसून की वापसी के लिए बन रहे हालात, रायपुर में मौसम साफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की चेतावनी नहीं है। कुछ जिलों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

पिछले 24 घंटे में बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सूखा रहा। बीजापुर में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। हालांकि मानसून की पूरी तरह विदाई कब होगी, यह मौसम संबंधी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे कई इलाकों में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है।

रायपुर में साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में 3 अक्टूबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले 24 घंटे में राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना कम है।

मौसम विभाग की ओर से फिलहाल प्रदेश के लिए कोई बारिश अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में मानसून की वापसी और तापमान में होने वाले बदलाव पर नजर रहेगी।

↑
Exit mobile version