रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए धमतरी जिले में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है और समयबद्ध तरीके से सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए गए जाति प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित किए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल राज्य सरकार की नागरिक-केंद्रित सोच और डिजिटल सुशासन का प्रभावी उदाहरण है। इससे शासन और आम जनता के बीच की दूरी कम हुई है तथा सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।
सेवा सेतु पोर्टल पर राजस्व विभाग की आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण और भू-अभिलेख संबंधी सेवाओं के साथ ही विवाह पंजीयन, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन तथा श्रम विभाग सहित अन्य विभागों की अनेक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक अब एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आवेदक अपने आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा में आवेदन के निराकरण की व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है। इससे नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
राज्य सरकार का मानना है कि डिजिटल तकनीक आधारित यह पहल सुशासन को नई दिशा दे रही है। सेवा सेतु पोर्टल के जरिए शासकीय सेवाओं की आसान उपलब्धता से आम लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है और छत्तीसगढ़ डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
