भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन आज नामांकन भरेंगे: निर्विरोध चुने जाने की संभावना, BJP के सबसे युवा अध्यक्ष होंगे

दिल्ली। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना जताई जा रही है।

नॉमिनेशन प्रक्रिया दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में होगी। इस दौरान पार्टी के अधिकांश मुख्यमंत्री, राज्य इकाई प्रमुख और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया था। राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर लक्ष्मण अगले अध्यक्ष का नाम घोषित करेंगे। यदि केवल नितिन नबीन का नामांकन सही पाया गया, तो वे निर्विरोध अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे।

नितिन नबीन अभी 45 वर्ष के हैं और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। यदि उन्हें अध्यक्ष बनाया गया, तो वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। अमित शाह इस पद पर नियुक्त होने के समय 50 वर्ष के थे।

नबीन का राजनीतिक जीवन पटना से शुरू हुआ। उन्होंने 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की और इसके बाद बांकीपुर विधानसभा से लगातार चुनाव जीतते रहे। उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रभारी बनाया गया था, जहां उन्होंने संगठनात्मक बदलाव और मजबूत कार्यकर्ता नेटवर्क के जरिए पार्टी को जीत दिलाई।

नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा में 80% युवाओं को टीम में शामिल करने का रास्ता साफ हो गया है। उनकी टीम में महामंत्री और मंत्री जैसे प्रमुख पदों पर 50 वर्ष से कम उम्र के नेता होंगे।

पिछले छह महीने में तीन प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। जुलाई में हेमंत खंडेलवाल एमपी के प्रदेश अध्यक्ष बने, दिसंबर में पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुए, और जनवरी में झारखंड में आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

इस परंपरा के चलते नबीन के निर्विरोध चुने जाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। नबीन के नेतृत्व में भाजपा आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करेगी और युवा नेताओं को आगे बढ़ाने पर जोर देगी।

Exit mobile version