केस लड़ते-लड़ते महिला को दिल दे बैठा वकील, शादी का झांसा देकर किया रेप

बिलासपुर।  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वकील ने अपने ही मुवक्किल महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। आरोपी वकील का नाम पवन अवस्थी बताया गया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने अपने पति से परेशान होकर तलाक का केस दर्ज कराया था। उसने केस लड़ने के लिए पवन अवस्थी को अपना वकील बनाया। केस के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वकील ने महिला को अपनी पत्नी से तलाक लेकर शादी करने का वादा किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि वकील ने कोर्ट के काम के बहाने उससे बार-बार मुलाकात की और धीरे-धीरे दोस्ती को प्यार में बदल दिया। इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वकील ने कहा कि वह अपनी पत्नी से अलग हो जाएगा और फिर उससे शादी करेगा।

लेकिन जब महिला ने शादी के लिए दबाव डाला तो वकील ने मना कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने महिला के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता ने 2 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में रेप, मारपीट और धमकी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आरोपी को 3 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, वकील से पूछताछ जारी है और पुलिस जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने ऐसी हरकत पहले भी किसी अन्य महिला के साथ की है।

Exit mobile version