प्रार्थना सभा में अब गूंजेंगी अखबार की सुर्खियां: पीपरडांड स्कूल की अनोखी पहल से बढ़ेगी पठन संस्कृति

सरगुजा। सरगुजा जिले के विकासखंड प्रेमनगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पीपरडांड में शिक्षा को जीवन से जोड़ने की दिशा में एक अनूठी पहल शुरू की गई है।
यहां विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या में अखबार वाचन को शामिल किया गया है, जिसके तहत अब प्रार्थना सभा में अखबार की प्रमुख सुर्खियां गूंजेंगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को समसामयिक घटनाओं से जोड़ना और उनमें पढ़ने की आदत विकसित करना है।
समाचार पत्र पढ़ने से विद्यार्थियों को देश-दुनिया की जानकारी मिलती है, साथ ही उनकी भाषा, लेखन और समझने की क्षमता भी मजबूत होती है।
विद्यालय के सहायक शिक्षक राजेन्द्र जायसवाल के अनुसार, आज के समय में बढ़ते मोबाइल स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में पठन संस्कृति कमजोर हो रही है। ऐसे में अखबार वाचन एक प्रभावी उपाय के रूप में सामने आया है, जो बच्चों को ज्ञान और जागरूकता से जोड़ता है।
नई व्यवस्था के तहत विद्यालय की प्रार्थना सभा अब केवल अनुशासनात्मक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह जागरूकता की पाठशाला के रूप में विकसित होगी।
छात्र-छात्राएं प्रतिदिन समाचार पत्र की प्रमुख सुर्खियां पढ़ेंगे और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को संपादकीय विषयों पर मौलिक लेखन और समूह चर्चा के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे उनमें तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल, संवाद क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास होगा।
विद्यालय की इस अभिनव पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और ज्ञान-केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





