ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ग्रामीण विकास को नई रफ्तार: CM साय ने 2426 किमी सड़कों का किया शिलान्यास, 781 बसाहटों को मिलेगा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के तहत 774 सड़कों का शिलान्यास और शुभारंभ किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर ₹2225.44 करोड़ खर्च होंगे। साथ ही उन्होंने वशिष्ठ कम्यूनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए ₹80 लाख देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सड़कों का भूमिपूजन सरकार की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन सड़कों के बनने से 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत हुई, जो आज ग्रामीण भारत की जीवनरेखा बन चुकी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क नेटवर्क के विस्तार में अभूतपूर्व तेजी आई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम और रायपुर-जशपुर-धनबाद मार्ग पर कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के शुरू होने से किसानों को खाद, बीज और ऋण की सुविधा आसान होगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों से 3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 25.28 लाख किसानों को 10,000 करोड़ से अधिक राशि उनके खातों में ट्रांसफर की गई है। साथ ही बिजली बिल समाधान योजना के तहत ₹757 करोड़ के बिल माफ किए जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इन सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा और दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button