रायपुर कांग्रेस में विवाद के बाद नई सूची जारी: 19 वार्ड अध्यक्ष बदले, अब मिली मंजूरी

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस संगठन के भीतर वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर चल रहे विवाद के बाद आखिरकार संशोधित सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में 19 नामों में बदलाव किया गया है और इसे अब आधिकारिक मंजूरी भी मिल गई है। कांग्रेस के संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने आदेश जारी कर सभी नियुक्तियों को अनुमोदित कर दिया है। इसके साथ ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्तियों को भी हरी झंडी मिल गई है।
दरअसल, इससे पहले जारी की गई सूची को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। बिना अनुमोदन के जारी की गई सूची को पीसीसी ने अवैधानिक बताते हुए निरस्त कर दिया था, जिससे संगठन के भीतर असमंजस और खींचतान की स्थिति बन गई थी।
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सभी जिलाध्यक्षों को 15 अप्रैल तक बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए थे। इसी बीच रायपुर शहर कांग्रेस ने 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी कर दी, लेकिन कुछ ही घंटों में इसे खारिज कर दिया गया।
पीसीसी ने स्पष्ट किया था कि वार्ड अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति से पहले आवश्यक अनुमोदन नहीं लिया गया था, इसलिए सूची अमान्य है। इससे पहले हुई समीक्षा बैठक में नियुक्तियों में देरी को लेकर नाराजगी भी जताई गई थी, जिसके चलते जल्दबाजी में सूची जारी करने का फैसला लिया गया था।
अब संशोधित सूची में 19 नामों में बदलाव कर संगठन ने संतुलन बनाने की कोशिश की है। आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद इस विवाद पर विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।








