नई शिक्षा नीति में शिक्षा, रोजगार और संस्कार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई शिक्षा नीति सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि रोजगार और अच्छे संस्कार भी देती है। वे रायपुर में पत्रिका समूह द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम ‘की-नोट एड्रेस’ में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं। वहीं, विदेशों में लोग हमारी संस्कृति से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से बच्चों को सिर्फ नौकरी नहीं मिलेगी, बल्कि वे अच्छे नागरिक भी बनेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है। नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों में पूरी दुनिया से छात्र पढ़ने आते थे। हमारे देश की सोच रही है कि ‘पूरा विश्व एक परिवार है’।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सबसे ऊपर है। हमारे देवी-देवताओं के नाम भी पहले देवी के नाम से शुरू होते हैं – जैसे राधाकृष्ण, सियापति राम। माता-पिता बच्चे के पहले गुरु होते हैं, और बच्चे वही सीखते हैं जो उन्हें सिखाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज बच्चे मोबाइल में ज्यादा समय बिता रहे हैं। मोबाइल में अच्छी और बुरी दोनों बातें होती हैं, हमें अच्छी बातें ही चुननी चाहिए।

पत्रिका समूह के चेयरमैन गुलाब कोठारी ने कहा कि एक माँ ही परिवार और संस्कृति को बचा सकती है। आज के समय में माँ-बाप और बच्चों के बीच दूरी बढ़ रही है। हमें सिर्फ दिमागी तरक्की नहीं, बल्कि दिल से जुड़ाव भी ज़रूरी है।

आईआईएम के डायरेक्टर प्रो. रामकुमार काकानी ने कहा कि आज की पीढ़ी पर बहुत दबाव है। टेक्नोलॉजी और छोटे परिवारों की वजह से बुजुर्गों और बच्चों के बीच दूरी बढ़ रही है। हमें फिर से आपसी समझ और मूल्यों को मजबूत करना होगा। इस कार्यक्रम में कई जाने-माने लोग और आम नागरिक भी शामिल हुए।

Exit mobile version