रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में नई नियुक्तियों के बाद संगठन के भीतर क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रायपुर और बिलासपुर में शहर और ग्रामीण इकाइयों के लिए अलग-अलग अध्यक्ष बनाए गए हैं। नियुक्तियों में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व मिला है। इसे संगठन के विस्तार के साथ राजनीतिक और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। यह आदेश प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को भेजा गया है।
रायपुर में प्रगति बाजपेयी और बरखा साहू को जिम्मेदारी
राजधानी में महिला कांग्रेस की शहर इकाई की कमान सामान्य वर्ग से आने वाली प्रगति बाजपेयी को सौंपी गई है। वहीं, रायपुर ग्रामीण की अध्यक्ष बरखा साहू बनाई गई हैं। उनकी नियुक्ति को ग्रामीण क्षेत्रों में साहू समाज के प्रतिनिधित्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिलासपुर में प्रीति पाटनवार और सीमा पांडेय को मौका
बिलासपुर शहर महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाली प्रीति पाटनवार को दी गई है। वहीं, ग्रामीण इकाई की अध्यक्ष सामान्य वर्ग की सीमा पांडेय बनाई गई हैं। इस तरह शहर और ग्रामीण इकाइयों में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को जिम्मेदारी मिली है।
सीमा पांडेय की नियुक्ति भी चर्चा में है। कुछ महीने पहले ही पार्टी से उनका निष्कासन समाप्त हुआ था। इसके बाद उन्हें जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्तियों के सियासी मायने भी निकाले जा रहे
महिला कांग्रेस की नई सूची को संगठन में सक्रियता बढ़ाने और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं के प्रभाव और गुटीय समीकरणों की चर्चा के बीच इन नियुक्तियों के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं में गिना जाता है।
हालांकि, नियुक्तियों के पीछे किसी खास गुट या वरिष्ठ नेता की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। नई पदाधिकारियों की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों से उनकी भूमिका और रणनीति स्पष्ट होगी।
