StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

जादू-टोना के शक में भतीजे ने की चाचा की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से जादू-टोना के शक में रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है।

यहां एक भतीजे ने अपनी मां की मौत का बदला लेने के शक में अपने ही चाचा की टंगिया से काटकर हत्या कर दी। आरोपी ने सिर और कंधे पर ताबड़तोड़ वार कर चाचा को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, घटना 3 फरवरी 2026 की है। मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50) के रूप में हुई है। आरोपी भतीजा मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके लिए उसका चाचा कोसा मंडावी जिम्मेदार है। इसी शक के चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

मंगलवार को पुलिस को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि ग्राम पोंदुम-2 के गोटखुटापारा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान कोसा मंडावी का शव घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि भतीजा मुड़ा अपनी मां की मौत को लेकर चाचा पर शक करता था। बदले की भावना में उसने हत्या की साजिश रची और 3 फरवरी को मौका पाकर चाचा के घर पहुंचा, जहां टंगिया से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस को 4 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल टंगिया और खून से सना हाफ नेकर भी जब्त किया है। ASP आरके बर्मन ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button