ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नीट यूजी परीक्षा 21 जून को, मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में उन्होंने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परीक्षा से पहले सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस की गतिविधियों का परीक्षा संचालन पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े। परीक्षार्थियों के आवागमन, यातायात प्रबंधन और केंद्रों तक पहुंचने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा को लेकर तनावमुक्त रखने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा काउंसलिंग की जाए। साथ ही 20 जून को परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल आयोजित कर तैयारियों का परीक्षण करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने प्रश्न-पत्र और ओएमआर शीट की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इन्हें एयर फोर्स के माध्यम से परिवहन किया जाएगा, इसलिए सुरक्षा के सभी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक जिले में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर परीक्षा दिवस पर सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में नीट यूजी पुनः परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए राज्यभर में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग और समन्वय की अपील की।

Related Articles

Back to top button