NEET री-एग्जाम 21 जून को: पेपर लीक के बाद NTA ने जारी किया नया शेड्यूल, 7 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित की जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नई तारीख का ऐलान किया है।

इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक विवाद के चलते 12 मई को रद्द कर दिया गया था। देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में हुई इस परीक्षा में 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। इसके लिए 5400 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

NTA ने साफ किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और कोई अतिरिक्त फीस भी नहीं देनी पड़ेगी। पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी। परीक्षा केंद्र भी पहले जैसे ही रहेंगे। नए एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे।

पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हाईलेवल बैठक हुई। इसमें री-एग्जाम की प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। वहीं, देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री को काले झंडे दिखाए और उनके काफिले को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

CBI ने मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र से आरोपियों को पकड़ा गया है। जांच में सामने आया है कि पेपर राजस्थान के सीकर तक पहुंचाया गया था और छात्रों से लाखों रुपए वसूले गए। आरोप है कि प्रश्नपत्र की हार्ड कॉपी को स्कैन कर PDF बनाई गई और कोचिंग सेंटरों तक पहुंचाई गई।

इधर, दिल्ली पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भी खुलासा किया है। इस मामले में RJD नेता संतोष कुमार जायसवाल समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Exit mobile version