नक्सलियों ने फिर जारी किया पत्र, युद्धविराम घोषणा करके सरकार से की अपील

बस्तर। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्यों में सक्रिय नक्सलियों ने 6 महीने के लिए युद्धविराम (लड़ाई रोकने) की घोषणा की है। यह घोषणा नक्सल संगठन के तेलुगु कैडर के प्रवक्ता जगन ने की है। उन्होंने तेलुगु भाषा में प्रेस नोट जारी कर बताया कि वे शांति वार्ता के समर्थन में यह कदम उठा रहे हैं।
प्रेस नोट में लिखा गया है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और उनकी बेटी कविता ने भी शांति वार्ता शुरू करने की पहल की थी। इसे नक्सली संगठन ने सराहा है और इसे “गर्व की बात” बताया है। शांति वार्ता को सफल बनाने और लोकतांत्रिक माहौल को बढ़ावा देने के लिए नक्सलियों ने छह महीने तक किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि रोकने का फैसला किया है। साथ ही, उन्होंने कहा कि कई बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी वार्ता को लेकर अभियान चलाया है।
अब तक सरकार से शांति वार्ता के लिए नक्सलियों की ओर से कुल 5 पत्र जारी किए जा चुके हैं। पहले दो पत्र नक्सल संगठन की केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने जारी किए थे, और दो पत्र नक्सल क्षेत्रीय संगठन DKSZCM के रूपेश ने भेजे थे। अब पांचवां पत्र जगन ने जारी किया है जिसमें युद्धविराम की घोषणा की गई है। इस फैसले को दोनों राज्यों में शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस वार्ता प्रस्ताव को कैसे आगे बढ़ाती है।
