रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में नक्सलवाद अब अंतिम सांसें ले रहा है और विकास का नया युग तेजी से आकार ले रहा है। उन्होंने दावा किया कि नक्सली गतिविधियों में आई गिरावट डबल इंजन की सरकार की ठोस नीति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्पष्ट निर्देशों तथा सुरक्षा बलों के साहस का परिणाम है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद का उन्मूलन अब जमीन पर दिखने लगा है। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलवादमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, और छत्तीसगढ़ इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुका है।
उन्होंने कहा कि बस्तर सहित उन सभी इलाकों में, जहां वर्षों तक नक्सली हिंसा ने विकास की गति रोके रखी, अब तेज़ी से शांति और स्थिरता स्थापित हो रही है। सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों, सड़कों के विस्तार, मोबाइल नेटवर्क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा की पहुंच ने इन क्षेत्रों में नई ऊर्जा पैदा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब परिवर्तन की राह पर है। यहां पर्यटन, खेती-किसानी, लघु वनोपज आधारित उद्योगों और आजीविका के नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि “अब विकास की गंगा बस्तर में बह रही है, आने वाले समय में यह इलाका राज्य की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
साय ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति, केंद्र का मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों का अदम्य साहस मिलकर छत्तीसगढ़ को नक्सलवादमुक्त ही नहीं, बल्कि देश के तेजी से उभरते विकासशील राज्यों में शीर्ष पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि “नया छत्तीसगढ़ शांति, समृद्धि, विश्वास और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”
