2026 तक नक्सलमुक्त भारत हमारा संकल्प: अमित शाह

छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर ऐतिहासिक नक्सल ऑपरेशन, 31 नक्सली ढेर
रायपुर। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हाल ही में सुरक्षा बलों द्वारा किए गए बड़े नक्सल विरोधी ऑपरेशन में 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया। यह ऑपरेशन अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इस सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों के साहस और समर्पण की सराहना की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सिर्फ एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि एक वैचारिक और मनोवैज्ञानिक जीत भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार 2026 तक भारत को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री शाह ने बताया कि यह ऑपरेशन केवल 21 दिनों में पूरा हुआ और इसमें सुरक्षा बलों का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ, जो हमारी रणनीति और समन्वय की बड़ी सफलता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस ऐतिहासिक ऑपरेशन को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कदम बताया। उन्होंने सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के जवानों को विषम परिस्थितियों में दिखाए गए साहस और पराक्रम के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सलमुक्त होगा और बस्तर के गांव-गांव में शांति और विकास पहुंचेगा।
यह ऑपरेशन उस क्षेत्र में हुआ जो नक्सलियों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण था। यही क्षेत्र उनके प्रशिक्षण और हथियार निर्माण का बड़ा केंद्र था। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बताया कि अब उसी पहाड़ी पर तिरंगा लहरा रहा है, जो भारत की संप्रभुता और सुरक्षा की प्रतीकात्मक जीत है।
केंद्रीय मंत्री शाह ने यह भी कहा कि यह सफलता केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसे आने वाले समय में एक मॉडल ऑपरेशन के रूप में देखा है, जो अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रेरणा का स्रोत बनेगा। भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियाँ इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।