नेशनल हेराल्ड केस: सोनिया–राहुल पर नई FIR, दिल्ली पुलिस ने ED की शिकायत पर दर्ज की; AJL को धोखाधड़ी से हासिल करने का आरोप

दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित छह लोगों और तीन कंपनियों AJL, यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज के खिलाफ नई FIR दर्ज की है।
आरोप है कि इन कंपनियों के जरिए एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को धोखाधड़ी से अधिग्रहित किया गया। FIR 3 अक्टूबर को ED की शिकायत के बाद दर्ज की गई थी, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।
ED की शिकायत में कहा गया है कि 2010 में AJL के पास करीब ₹2,000 करोड़ की संपत्तियां थीं। कोलकाता की डोटेक्स मर्चेंडाइज ने यंग इंडियन को 1 करोड़ की राशि ट्रांसफर की, जिसके आधार पर यंग इंडियन ने कांग्रेस को 50 लाख चुकाकर AJL का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। यंग इंडियन कंपनी में सोनिया और राहुल गांधी की 76% हिस्सेदारी बताई गई है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस जल्द ही AJL के शेयरधारकों को नोटिस भेज सकती है, ताकि यह पता लग सके कि ट्रांसफर से पहले कांग्रेस ने उनकी अनुमति ली थी या नहीं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इसे “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” बताया है और कहा कि FIR की जानकारी उन्हें नहीं दी गई।
इस बीच, यह मामला फिर से चर्चा में है, क्योंकि राउज एवेन्यू कोर्ट में ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने का फैसला तीसरी बार टल चुका है। अब कोर्ट 16 दिसंबर को अपना आदेश सुनाएगी।
नेशनल हेराल्ड केस सबसे पहले 2012 में BJP नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दायर किया था। आरोप लगाया गया कि कांग्रेस नेताओं ने यंग इंडियन के जरिए AJL का अवैध अधिग्रहण किया, ताकि दिल्ली स्थित हेराल्ड हाउस सहित 2,000 करोड़ की संपत्तियों पर कब्जा किया जा सके।
उधर, ED अप्रैल 2024 में AJL की 661 करोड़ की संपत्तियां कब्जे में लेने का नोटिस जारी कर चुकी है। एजेंसी ने मुंबई के हेराल्ड हाउस में किराया भी ED के खाते में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। इससे पहले 2022 में राहुल गांधी से पांच दिनों में 50 घंटे और सोनिया गांधी से तीन दिनों में 12 घंटे पूछताछ की जा चुकी है।



