दिल्ली। एन. रंगासामी ने बुधवार को पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल कैलाश नाथन ने लोक भवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।
रंगासामी के साथ भाजपा नेता ए. नमस्सिवायम और AINRC के मल्लादी कृष्णा राव ने मंत्री पद की शपथ ली। नमस्सिवायम पहले कांग्रेस में थे, लेकिन 2021 में भाजपा में शामिल हो गए थे। पिछली सरकार में वे गृह मंत्री रह चुके हैं।
4 मई को आए पुडुचेरी विधानसभा चुनाव परिणामों में रंगासामी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को 30 में से 16 सीटें मिली थीं।
इसमें ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 में से 12 सीटें जीतीं और 75% का स्ट्राइक रेट हासिल किया। वहीं भाजपा ने 10 सीटों पर चुनाव लड़कर 4 सीटें जीतीं। कांग्रेस केवल एक सीट पर सिमट गई।
इधर, बंगाल, असम और तमिलनाडु में नए मुख्यमंत्री शपथ ले चुके हैं, लेकिन केरल में अब भी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, आज नए CM के नाम का ऐलान हो सकता है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भी अधिकांश विधायकों ने वेणुगोपाल के समर्थन में राय दी है।
हालांकि विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को भी कुछ विधायकों और सहयोगी दलों का समर्थन मिला है। केरल में मुख्यमंत्री चयन को लेकर कांग्रेस आलाकमान लगातार बैठकों और मंथन में जुटा हुआ है। अब सबकी नजर दिल्ली में होने वाले अंतिम फैसले पर टिकी है।
