मुंबई। मुनव्वर फारूकी और उनकी पत्नी महजबीन कोटवाला के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शुक्रवार को महजबीन ने बेटी को जन्म दिया, जिसकी जानकारी खुद मुनव्वर ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा की। इस खबर के सामने आते ही फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
मुनव्वर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी और नवजात बेटी की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। हालांकि, उन्होंने तस्वीरों में दोनों के चेहरे नहीं दिखाए। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “घर में बरकत आई। धन्य महसूस कर रहा हूं। अल्हम्दुलिल्लाह। दुआओं में खास याद रखना!” उनकी इस पोस्ट पर हजारों फैंस ने प्यार और शुभकामनाएं दीं।
कॉमेडियन को बधाई देने वालों में वरुण धवन, जन्नत जुबैर, मिस्टर फैजू, रीम शेख और अली गोनी जैसे कई सितारे शामिल रहे। सभी ने कपल को नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुनव्वर और महजबीन ने मई 2024 में निजी समारोह में शादी की थी। यह मुनव्वर की दूसरी शादी है। उन्होंने पहले बताया था कि बेटे मिखाइल के साथ समय बिताने के बाद उन्होंने दोबारा शादी का फैसला लिया। महजबीन की भी एक बेटी है और दोनों परिवारों के बीच अच्छा रिश्ता बना।
वर्कफ्रंट की बात करें तो मुनव्वर हाल ही में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई प्रोजेक्ट्स में नजर आए थे। Bigg Boss 17 जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी बढ़ोतरी हुई है।
