ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेक्स सीडी-कांड केस… अब हाईकोर्ट जाएगी कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। रायपुर सेशन कोर्ट के ताजा फैसले के बाद कांग्रेस ने अब हाईकोर्ट जाने का फैसला किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ कहा कि पार्टी सेशन कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में अपील दायर करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामला पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया के तहत चल रहा है और वे कोर्ट के हर निर्देश का पालन करेंगे।

भूपेश बघेल ने कहा कि उन्हें पहले इस केस से डिस्चार्ज किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद सीबीआई ने सेशन कोर्ट में दोबारा अपील दायर की। सेशन कोर्ट ने सीबीआई की रिव्यू याचिका को मंजूरी दे दी है और इसके साथ ही भूपेश बघेल को नियमित रूप से कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। अब इस मामले में एक बार फिर सुनवाई होगी।

दरअसल, मार्च 2025 में सीबीआई की विशेष अदालत ने भूपेश बघेल को सभी आरोपों से बरी कर दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं हैं। इसी फैसले को चुनौती देते हुए सीबीआई ने सेशन कोर्ट का रुख किया था। सेशन कोर्ट के फैसले के बाद अब कांग्रेस ने इस पूरे मामले को हाईकोर्ट में ले जाने का निर्णय लिया है।

इससे पहले भूपेश बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त ने कोर्ट में दलील दी थी कि बघेल को झूठे मामले में फंसाया गया है। बचाव पक्ष ने कहा था कि न तो उन्होंने किसी सीडी का निर्माण कराया और न ही उसके वितरण में उनकी कोई भूमिका रही।

इस मामले में कारोबारी कैलाश मुरारका और पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा को भी राहत नहीं मिली है। सेशन कोर्ट ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दीं और उन्हें ट्रायल का सामना करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि 2017 में सामने आया सेक्स सीडी कांड छत्तीसगढ़ की राजनीति का बड़ा टर्निंग पॉइंट बना था। इसी मामले के बाद कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। अब एक बार फिर यह केस प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गया है।

Related Articles

Back to top button