ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

माँ का आशीर्वाद-अपार जनस्नेह: बगिया में आत्मीयता के साथ मना मुख्यमंत्री का जन्मदिन

रायपुर। विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में उत्साह, श्रद्धा और आत्मीयता के साथ धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री अपने निवास पहुंचते ही सबसे पहले अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस भावुक क्षण ने पूरे आयोजन को पारिवारिक गरिमा से भर दिया।

जन्मदिन के अवसर पर बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और समर्थन को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बगिया स्थित राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री, उनकी माताजी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवारजनों ने श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने क्रिकेट में जिले का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को 15 क्रिकेट किट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

वहीं, बगीचा क्षेत्र से आए पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरा बगिया गांव जनस्नेह और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

Related Articles

Back to top button