रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पांच दिन के भीतर दूसरी डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई है।
लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में एक 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी गई।
दोनों के शव खेत में बने एक बोर घर में खून से लथपथ मिले।
पुलिस को आशंका है कि अज्ञात आरोपी ने किसी भारी वस्तु से सिर और चेहरे पर वार कर मां-बेटी की हत्या की है।
मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका बरत कुमारी के पति की करीब चार-पांच साल पहले मौत हो गई थी।
इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह इधर-उधर रहकर जीवनयापन करती थी।
करीब 10 महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
दोनों मां-बेटी गांव के एक किसान प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोर घर में रह रही थीं।
बुधवार को बरत कुमारी को सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था।
गुरुवार सुबह ग्रामीण ननकूराम ने बोर घर में महिला को गंभीर रूप से घायल देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला लहूलुहान हालत में पड़ी थी, जबकि उसकी 10 महीने की बेटी परी मृत मिली।
दोनों के सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान थे।
परिजन घायल महिला को अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
