Chhattisgarh

कांग्रेस पर मूणत का तंज, जनता ने नकार दिया; महाकुंभ में डुबकी लगाकर पाप धुले

रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव का परिणाम आने के बाद बीजेपी के नेता लगातार कांग्रेस नेताओं पर तंज कस रहे है। कांग्रेस नेता भी बयानबाजी करके उन्हें मौका दे रहे है। इसी कडी में भाजपा के वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को महाकुंभ में डुबकी लगाने की जरुरत है, ताकि उनके सारे पाप धुल जाएं। मूणत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केंद्र से मिले पैसे का बंदरबांट किया, और इस कारण जनता ने उन्हें नकार दिया है।

मूणत ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का विश्वास टूट चुका है। तीन चुनावों में कांग्रेस को हार मिली है, और जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी और विष्णु देव साय के विश्वास ने जो कहा, वह करके दिखाया। भाजपा ने जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया है और शहरी क्षेत्र की जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे।

कांग्रेस की सरकार पर आरोप

राजेश मूणत ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई, तो उसने राज्य को लूटने का काम किया। उन्होंने कई बड़े स्कैंडल का जिक्र करते हुए कहा कि कई आरोपी जेल में हैं। कांग्रेस ने केंद्र से मिले पैसे का सही उपयोग नहीं किया और विकास के नाम पर केवल बंदरबांट किया।

नई योजनाओं का वादा

मूणत ने कहा कि कांग्रेस के महापौर ने स्मार्ट सिटी के पैसों का दुरुपयोग किया, और जनता ने इस चुनाव में इसका जवाब दिया। अब भाजपा नई योजनाओं के साथ रायपुर को और बेहतर बनाएगी और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।

कांग्रेस को आत्म चिंतन की जरूरत

मूणत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष और रायपुर मेयर की तस्वीर न होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस को आत्म चिंतन की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने पैसे लेकर टिकट बेचने के आरोपों पर भी विचार करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button