देश के 14 राज्यों में मानसूनी बारिश जारी, MP-बिहार में अलर्ट, राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर

दिल्ली। देश में मानसून ने दस्तक दे दी है और आज इसका पांचवां दिन है। अब तक 14 राज्यों में झमाझम बारिश हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में स्थिति सबसे अधिक चौंकाने वाली है, जहां बीते पांच दिनों में 111 इंच (2840 mm) बारिश दर्ज की गई है।
यह मई महीने की सामान्य बारिश से करीब 6 गुना अधिक है, जबकि सामान्यत: इस समय 430-450 mm बारिश होती है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को तेज बारिश के साथ कई इलाकों में ओले भी गिरे। वहीं, ओडिशा में आज मानसून की आधिकारिक एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना के चलते राज्य प्रशासन को अलर्ट पर रखा है।
MP-बिहार में आंधी और बारिश का खतरा
मध्यप्रदेश के 15 से अधिक जिलों में मंगलवार को बारिश दर्ज की गई, जबकि आज भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 40 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आंधी की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उधर, बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां बारिश और हल्की आंधी की संभावना है।
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप
राजस्थान में मानसून की शुरुआत से पहले भीषण गर्मी का दौर जारी है। बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया है। आज राज्य के सात जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में दोपहर बाद आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस साल सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल मानसून सीजन (जून-सितंबर) में देशभर में औसत से अधिक यानी 106% बारिश हो सकती है। मई में जारी पूर्वानुमान में इसे 105% बताया गया था। जून में भी सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, जून में 87 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है, जो लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) से अधिक है।