StateNewsदेश - विदेश

मानसून का कहर: पहाड़ों से मैदान तक तबाही, IMD ने जारी किया नया अलर्ट

दिल्ली। इस बार मानसून पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कहर बनकर बरस रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल के बाद जम्मू में बादल फटने की घटनाओं से भारी तबाही हुई है। वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुई लैंडस्लाइड में 34 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने एक बार फिर हिमाचल और जम्मू में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मैदानी इलाकों में भी झमाझम बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन हुई बौछारों से मौसम सुहाना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सितंबर की शुरुआत में भी बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। कभी हल्की तो कभी मध्यम बारिश होने से गर्मी का असर कुछ हद तक कम होगा।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का अलग-अलग असर देखा जा रहा है। बिहार के पटना समेत 12 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। यहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के भी आसार हैं। वहीं, यूपी में अगले चार से पांच दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी और तराई के 30 जिलों में अच्छी बरसात दर्ज हुई। अगले दो दिनों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button