छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, भारी बारिश के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने सूरजपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में यलो अलर्ट है। राजधानी रायपुर, दुर्ग सहित अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
गुरुवार को प्रदेश के 14 जिलों के 56 से अधिक स्थानों पर न्यूनतम 10 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कुसमी में सबसे अधिक 200 मिमी वर्षा हुई। इस बारिश से दिन के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर चुका है। बीते छह दिनों में औसतन 22.69 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। रायपुर, सरगुजा, रायगढ़, कोरबा जैसे जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिली।
इस वर्ष मानसून नॉर्मल डेट से 16 दिन पहले, मई में ही पहुंच गया था, जो 64 साल में पहली बार हुआ। हालांकि जून में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। अभी तक औसतन 41 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य 81 मिमी होनी चाहिए थी। मई में राज्य में औसतन 374% अधिक वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन जून में अब तक मानसून की रफ्तार धीमी रही। तापमान की बात करें तो इस बार अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जो पिछले साल के मुकाबले कम है। कुल मिलाकर, मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है और आगामी दिनों में बारिश और तेज होने की संभावना है।