नौतपे के बीच 16 दिन पहले छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून ने समय से बहुत पहले दस्तक दी है। प्रदेश में मानसून के सामान्य आगमन की तारीख 13 जून होती है, लेकिन इस साल 16 दिन पहले ही मानसून छत्तीसगढ़ पहुंच गया। यह घटना पिछले 64 वर्षों में पहली बार हुई है जब मानसून मई महीने में प्रदेश में पहुंचा है। इससे पहले मानसून 1971 में 1 जून को पहुंचा था।
फिलहाल मानसून जगदलपुर तक पहुंच चुका है और अगले दो दिनों में रायपुर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह अंबिकापुर की ओर बढ़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। बुधवार को पूरे प्रदेश में कुल 1540 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले छह दिनों में छत्तीसगढ़ में करीब 4,380 मिमी बारिश हुई है, जो मई महीने के सामान्य औसत 430-450 मिमी से लगभग दस गुना ज्यादा है। अंबिकापुर में तेज बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर हैं।
बारिश की तीव्रता में उतार-चढ़ाव भी देखा गया है। पिछले सात दिनों में कुछ दिन कई जिलों में भारी बारिश हुई, तो कुछ दिन बारिश कम दर्ज हुई। बुधवार को 75 इलाकों में न्यूनतम 10 मिमी से अधिक बारिश हुई। तापमान की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम 36.6°C रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8°C दर्ज किया गया। प्रदेश के बस्तर संभाग के सातों जिलों और अन्य 13 जिलों के कई इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी है। बारिश के कारण किसानों और आम लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।