रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले करीब दस दिनों से सुस्त पड़ा मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आज से राज्यभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। अगले सात दिनों तक अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों के लिए बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी से नमी मिलने के कारण बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने की संभावना है।
बारिश की कमी के कारण जून महीने में किसानों की चिंता बढ़ गई थी। आंकड़ों के मुताबिक, 30 जून तक प्रदेश में सामान्य रूप से 188 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 66.2 मिमी वर्षा ही दर्ज की गई। यानी सामान्य से 121.8 मिमी कम बारिश हुई, जो करीब 65 प्रतिशत की कमी है।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब मानसून के सक्रिय होने से जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी और जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ेगी। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले स्थानों पर न रुकने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखते हुए खेती से जुड़े कार्य करने की सलाह दी गई है।
