मुंबई। मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। पांच बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके अभिनेता ने एक साथ अपनी आने वाली 7 फिल्मों की घोषणा की है।
खास बात यह है कि उन्होंने इन फिल्मों के टाइटल तो नहीं बताए, लेकिन इनके साथ काम करने वाले निर्देशकों के नाम जरूर सामने रख दिए हैं। मोहनलाल के इस ऐलान के बाद उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
मोहनलाल ने सोमवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए इन सात फिल्मों की जानकारी साझा की। उनकी आगामी फिल्मों का निर्देशन विष्णु मोहन, अनूप सत्यन, प्रियदर्शन, दिलेश पोथन, सत्यन अन्थिकाड, जूड एंथनी जोसेफ और जीतू जोसेफ करेंगे।
इन सभी फिल्मकारों का मलयालम सिनेमा में अलग मुकाम है। यही वजह है कि मोहनलाल के साथ इनकी जोड़ी को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि अभिनेता ने फिल्मों के नाम, कहानी या रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। फैंस अब इन प्रोजेक्ट्स के टाइटल और बाकी कलाकारों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। एक साथ सात फिल्मों का ऐलान मोहनलाल के करियर के लिहाज से भी बड़ी खबर माना जा रहा है।
मोहनलाल पिछले चार दशक से अधिक समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1980 में रिलीज हुई फिल्म ‘मंजिल विरिंजा पूक्कल’ से की थी, जिसमें उन्होंने नकारात्मक भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए अपनी खास पहचान बनाई।
‘दृश्यम’, ‘लूसिफर’, ‘ओप्पम’, ‘कीरड़म’, ‘मणिचित्रताझु’ और ‘थुडारम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया है। अब 7 नई फिल्मों के ऐलान के साथ मोहनलाल ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में भी उनका फिल्मी सफर उतनी ही तेजी से जारी रहने वाला है।
