कांग्रेस की रैली में ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ का नारा: भाजपा बोली मुगलों की राह पर कांग्रेस, जल्द दफन होंगे; राहुल कर रहे औरंगजेब जैसा काम

दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली उस वक्त विवादों में घिर गई, जब रैली में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रैली में जाते समय ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे सुनाई दिए, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।
नारेबाजी की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर अपने चरित्र को उजागर कर रही है और प्रधानमंत्री की मौत की कामना कर रही है। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि यह सोच कांग्रेस की मुस्लिम लीग और माओवादी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी प्रधानमंत्री की कब्र खोदने की बात कर रही है, वही खुद राजनीतिक रूप से दफन होने जा रही है।
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के नेतृत्व की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करते हुए कहा कि जैसे मुगल साम्राज्य छठी पीढ़ी में खत्म हो गया, वैसे ही कांग्रेस का भी हश्र होगा। उन्होंने दावा किया कि नेहरू परिवार की छठी पीढ़ी के तौर पर राहुल गांधी कांग्रेस को उसी दिशा में ले जा रहे हैं।
भाजपा का आरोप है कि नारे लगाने वालों में शामिल जयपुर की कांग्रेस नेता मंजू लता मीणा, जो महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष हैं, ने भी पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। मंजू लता मीणा ने सफाई देते हुए कहा कि वे वोट चोरी को लेकर जनता के गुस्से को आवाज दे रही थीं और चुनावों में धांधली के खिलाफ विरोध जता रही थीं।
इस रैली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए। राहुल गांधी ने मंच से भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप दोहराए और कहा कि प्रधानमंत्री का आत्मविश्वास खत्म हो चुका है। वहीं खड़गे और प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।





