मोदी अयोध्या पहुंचे, रामलला की धर्मध्वजा फहराएंगे: 161 फीट के दंड में 21 किलो सोना, झंडे की तस्वीर भी सामने आई

अयोध्या। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिनों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे। पीएम मोदी अयोध्या पहुंच चुके हैं, जहां से वे सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा साकेत कॉलेज पहुंचे।

यहां से रामजन्मभूमि तक उनका डेढ़ किमी लंबा रोड शो प्रस्तावित है। इसके लिए रामपथ को 8 जोन में विभाजित किया गया है। हर जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक थाली, आरती और फूल-मालाओं के साथ प्रधानमंत्री की अगुआई करेंगी।

अभिजीत मुहूर्त में दोपहर साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री बटन दबाते ही 2 किलो की केसरिया धर्मध्वजा राम मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर फहराई जाएगी। यह ध्वजा 4 किमी दूर से दिखाई देगी और इसके दंड पर 21 किलो सोना मढ़ा गया है।

इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि भयंकर तूफान में भी सुरक्षित रहे और हवाओं के बदलने पर उलझे बिना आसानी से घूम सके। ध्वजारोहण के साथ ही मंदिर को पूर्ण माना जाएगा। कार्यक्रम में करीब 7 हजार लोग मौजूद रहेंगे।

अयोध्या शहर को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख मोहन भागवत पहले ही मंदिर पहुंच चुके हैं। उ

द्योग, खेल, साहित्य और बॉलीवुड जगत के करीब 1 हजार VVIP मेहमान भी आमंत्रित किए गए हैं। मंदिर निर्माण में 2 करोड़ से अधिक दान देने वाले 100 दानदाताओं को भी विशेष निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि शंकराचार्यों और अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद को आमंत्रण नहीं मिला।

रामपथ पर कलाकारों का नृत्य, गुरुकुल छात्रों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और हजारों की भीड़ प्रधानमंत्री के स्वागत में जुटी है। ध्वजारोहण के बाद बड़ा भंडारा होगा, जिसमें पूरी-सब्जी और जलेबी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। अयोध्या में आज का दिन इतिहास का नया अध्याय लिखने जा रहा है।

Exit mobile version