ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में खुलेगा आधुनिक बायोटेक इंक्युबेशन सेंटर, 20.55 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर में अत्याधुनिक बायोटेक इंक्युबेशन सेंटर की स्थापना की जा रही है, जिसके लिए 20 करोड़ 55 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह सेंटर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बनेगा और इसके लिए भारत सरकार, राज्य शासन और विश्वविद्यालय के बीच त्रिपक्षीय अनुबंध हुआ है। इस परियोजना को कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन छत्तीसगढ़ जैव प्रौद्योगिकी प्रोत्साहन सोसायटी क्रियान्वित करेगी। इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य जैव संसाधनों का उपयोग, नवाचार को बढ़ावा देना और स्टार्टअप्स को सहयोग देना है। यहां युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और प्रयोगशालाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेंटर में 23 आधुनिक प्रयोगशालाएं और BS-4 जैव सुरक्षा सुविधाएं होंगी। साथ ही दो सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन और एनालिटिकल लैब भी स्थापित की जाएंगी।

यहां 17 सूक्ष्म व लघु और 6 वृहद उद्योगों के संचालन की सुविधा होगी। कुल 23 स्टार्टअप कंपनियों के लिए कार्यालय बनाए जाएंगे, जहां वे तीन साल तक काम कर सकेंगी। विशेष रूप से कृषि और फार्मा बायोटेक स्टार्टअप्स को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री साय की यह पहल छत्तीसगढ़ को बायोटेक के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाएगी। इससे शोध और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय होगा, साथ ही रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे। यह परियोजना राज्य के युवाओं के भविष्य को एक नई दिशा देने का कार्य करेगी।

Related Articles

Back to top button