बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के देवर विजय बहादुर सिंह की आज सुबह एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे विजय बहादुर सिंह ट्रैक्टर से अपने खेत जा रहे थे।
रास्ते में अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में विजय बहादुर सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद रघुनाथनगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। विजय बहादुर सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मुड़िया में किया गया।
इस हादसे के बाद विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते और उनके परिवार में शोक का माहौल है। गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन और भाजपा के नेताओं ने भी दुख जताते हुए परिवार को सांत्वना दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर से ट्रैक्टर चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत की ओर ध्यान दिलाता है।