ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजिम कुंभ में अव्यवस्था पर विधायक भड़के: कलाकारों को भूखा रखकर सरकार की इमेज खराब करने का आरोप

राजिम। राजिम कुंभ में हुए आयोजन में लापरवाही देख भाजपा विधायक रोहित साहू ने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने जिला पंचायत CEO प्रखर चंद्राकर को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि “सरकार की इमेज की धनिया बो रहे हैं”। विधायक ने कहा कि अधिकारियों और इवेंट कंपनी की लापरवाही से कलाकारों को भूखा रखा गया, जो न केवल उनके सम्मान के खिलाफ है बल्कि मेला और सरकार की छवि को भी धूमिल करता है।

दरअसल, समस्या परफॉर्म करने आए कलाकारों की खाने-पीने की व्यवस्था से जुड़ी थी। 7 फरवरी को पत्रकारों और नागरिकों ने आयोजन में अनावश्यक रोक-टोक और अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी। इस पर विधायक ने तत्काल जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। लेकिन अगले ही दिन, 8 फरवरी को अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया, जब कलाकारों को कार्यक्रम के बाद डेढ़ घंटे तक बैठाया गया और भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया।

स्थल पर पहुंचकर विधायक ने अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला प्रदेश की आस्था, संस्कृति और पहचान से जुड़ा है। श्रद्धालु, साधु-संत और कलाकार किसी भी असुविधा के शिकार नहीं होने चाहिए।

इसके बाद विधायक रोहित साहू ने सभी कलाकारों को अपने साथ निजी रेस्टोरेंट ले जाकर भोजन कराया। उन्होंने साफ कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और इस तरह की लापरवाही भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक की कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि आयोजनों में लापरवाही और सरकार की छवि को नुकसान पहुँचाने वाले तत्वों के खिलाफ तुरंत कदम उठाया जाएगा। राजिम कुंभ जैसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में समुचित व्यवस्था और सम्मान की आवश्यकता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button