‘अटेंशन की होड़ में भ्रामक खबरें लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय’: जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल बोले- जिम्मेदार पत्रकारिता ही सबसे बड़ी ताकत

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में गुरुवार को बदलते मीडिया परिदृश्य, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और डिजिटल दौर की चुनौतियों पर गंभीर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा कि आज के दौर में अटेंशन हासिल करने की होड़ में भ्रामक और तथ्यहीन खबरों का बढ़ना लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता ही मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है।

रजत बंसल ने कहा कि सूचना के तेज प्रवाह के इस दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना और तथ्यों के आधार पर समाज तक सही जानकारी पहुंचाना मीडिया का सबसे बड़ा दायित्व है।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पारदर्शी संवाद से शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग और मीडिया के बीच नियमित संवाद, पारदर्शिता और सहयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाता है।

साथ ही प्रेस क्लब के विकास, पत्रकारों के हितों और बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद के दौरान मीडिया की वर्तमान चुनौतियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर सार्थक मंथन हुआ।

वक्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि तेजी से बदलते दौर में विश्वसनीय पत्रकारिता ही समाज और लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला बनी रहेगी।

Exit mobile version