ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सिगरेट पीने से मना करने पर बदमाश ने पेट्रोल पंप में लगाई आग

रायपुर। रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल भरने वाले नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें बाइक की टंकी तक पहुंच गईं और पूरे पंप में अफरा-तफरी मच गई। इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी की रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र क्षत्री और उसका साथी इमरान बाइक से उरला स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठकर पेट्रोल भरवा रहा था, जबकि धर्मेंद्र पास में खड़ा था। इसी दौरान धर्मेंद्र ने मुंह में सिगरेट लगाकर उसे जलाने की कोशिश की। इमरान ने सुरक्षा का हवाला देते हुए उसे सिगरेट पीने से मना किया और हल्का धक्का दिया। इससे नाराज होकर धर्मेंद्र ने जलते लाइटर से नोजल पाइप में आग लगा दी।

आग लगते ही नोजल पाइप, बाइक की टंकी और पंप मशीन चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद पंपकर्मी और बाइक सवार जान बचाकर पीछे हट गए। पंपकर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मेन स्विच बंद किया और फायर फाइटिंग किट की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा विस्फोट होने से बच गया।

घटना के बाद दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पंप कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। उरला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

उरला थाना प्रभारी रोहित माहेलकर ने बताया कि आरोपियों पर बीएनएस की धारा 326(छ), 287 और 125 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button