ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जंगल में मिला नाबालिग बॉयफ्रेंड का शव: 15 दिन पहले गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था, हत्या के एंगल से जांच

महासमुंद। महासमुंद जिले के जंगल में 17 वर्षीय नाबालिग लड़के का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा के रूप में हुई है, जो 15 दिन पहले अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया था और तभी से लापता था।

पुलिस के अनुसार उद्रेश 29 जनवरी को दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने जमनीडीह गांव जाकर अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की बात कही। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे वहां पहुंचा। उसने दोस्त के मोबाइल से युवती को कॉल किया और उससे मिला, लेकिन इसके बाद अचानक गायब हो गया।

30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद पुलिस को गांव के पास वही मोबाइल मिला, जिससे कॉल किया गया था। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन तेज किया।

गुरुवार दोपहर तलाशी के दौरान युवती के गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव बरामद हुआ। शव काफी सड़ चुका था और कुछ हिस्सों को जानवरों ने नोच लिया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस युवती और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और वे लंबे समय से संपर्क में थे। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button