ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों के हितों से जुड़ी भू-अभिलेख पुस्तकों का किया विमोचन

रायपुर। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज अपने निवास कार्यालय में ‘भू-अभिलेख नियमावली’ भाग 1 से 4 पुस्तक का विमोचन किया। उमेश पटेल और श्रीकांत वर्मा द्वारा लिखित इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ राजस्व विभाग द्वारा जारी अद्यतन सर्कुलर और आदेशों का सुव्यवस्थित संकलन किया गया है, जो नागरिकों, किसानों और राजस्व अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

अब तक बाजार में उपलब्ध पुस्तकों के लेखक और प्रकाशक मध्य प्रदेश के होने के कारण उनमें मुख्यतः मध्य प्रदेश शासन के सर्कुलर और आदेश शामिल रहते थे, जबकि छत्तीसगढ़ के सर्कुलर इसमें उपलब्ध नहीं थे। नई नियमावली में वर्ष 2000 के बाद मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी वे सर्कुलर शामिल नहीं किए गए हैं, जो छत्तीसगढ़ राज्य में लागू नहीं होते। इसके स्थान पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी अद्यतन सर्कुलरों को अध्याय-वार समाहित किया गया है।

पुस्तक के परिशिष्ट में सर्वे, राजस्व वन भूमि के अभिलेख, गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जारी नवीनतम सर्कुलरों को शामिल किया गया है। साथ ही, विषय से संबंधित प्रश्न, इकाई परिवर्तन, शब्दार्थ और व्यावहारिक जानकारी भी दी गई है, जिससे इसका उपयोग और अधिक सरल व प्रभावी हो सके।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि यह नियमावली राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता, दक्षता और नागरिक सुविधा को बढ़ावा देगी। छत्तीसगढ़ विशेष के लिए तैयार यह पुस्तक बाजार के साथ-साथ अमेजन और जेम पोर्टल पर भी उपलब्ध होगी।

Related Articles

Back to top button