हाउसिंग सोसायटियों की समस्याओं पर मंत्री ओपी चौधरी की बड़ी बैठक: अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

रायपुर। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर क्षेत्र की विभिन्न आवासीय कॉलोनियों और हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रतिनिधियों ने अपनी कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा।

मंत्री ओपी चौधरी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक परीक्षण कर व्यवहारिक और विधिसम्मत समाधान की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर शहरी अधोसंरचना, पारदर्शी प्रशासन और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

बैठक में सड़क, जल निकासी, मूलभूत सुविधाओं, सार्वजनिक अधोसंरचना और अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि शासन और नागरिकों के बीच लगातार संवाद से समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है तथा जनसहभागिता से शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

ओपी चौधरी ने आवास विभाग, नगरीय निकायों, रेरा, बिल्डर संगठनों और रहवासी कल्याण संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित स्टेकहोल्डर मीटिंग आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि इससे विभिन्न पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने रियल एस्टेट परियोजनाओं, रेरा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित परियोजनाओं के हस्तांतरण और संस्थागत सुधारों से जुड़े सुझाव भी दिए। साथ ही “आवास मितान” डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने, आवासीय समितियों को सशक्त बनाने, सलाहकार समिति गठित करने और बड़े आवासीय परिसरों में मतदान सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संभवतः पहली बार किसी आवास मंत्री ने हाउसिंग सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया है।

Exit mobile version