ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जगदलपुर में मंत्री पर मारपीट का आरोप, कांग्रेस ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

जगदलपुर। सर्किट हाउस में मंत्री केदार कश्यप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से रैली निकालकर नगर निगम व्हाइट हाउस होते हुए मोतीबाग चौक की ओर बढ़ी। लेकिन मंत्री बंगले तक जाने से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को मोतीबाग के पास रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस्तीफा देने की मांग की। इससे पहले कोंडागांव में रविवार शाम कांग्रेस ने मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया था। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा ने मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की और यह दोहरे चरित्र का परिचायक है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा नेताओं का ध्यान जनता से हटकर अपने स्वार्थ पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि मंत्री ने एक कर्मचारी को बंद कमरे में बुलाकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित खितेंद्र पांडेय ने अपनी आपबीती प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को बताई। उपाध्याय ने कहा कि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है, जबकि कांग्रेस पीड़ित की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खितेंद्र के साथ कोई अनहोनी हुई, तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री की होगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि मंत्री का कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार लोकतंत्र के अपमान का प्रतीक है। जनता और कर्मचारियों के अपमान करने वाले मंत्री के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

पीड़ित खितेंद्र पांडेय ने बताया कि वे 20 साल से सर्किट हाउस में काम कर रहे हैं। मंत्री ने नाश्ता बनाने के दौरान जूता उठाकर उन्हें थप्पड़ मारा और कॉलर पकड़कर गालियां दीं। उनका कहना है कि वे लकवा पेशेंट हैं और इस तरह का व्यवहार पहली बार सहा। कांग्रेस कार्यकर्ता चेतावनी देते हुए कह रहे हैं कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button