जन्मदिन पर सेवा का संदेश: मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ

रायपुर। विष्णु देव साय ने अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की और रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर अल्फा ग्लोब फाउंडेशन तथा शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से 62 यूनिट रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और यह मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है। दुर्घटनाओं, प्रसव और गंभीर बीमारियों के दौरान रक्त की आवश्यकता जीवनदान साबित होती है।
उन्होंने बताया कि रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।
संस्था द्वारा वर्षभर में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प लिया गया है और जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न ब्लड बैंकों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने और यातायात नियमों का पालन कर जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, चिकित्सक दल और बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।





