StateNewsदेश - विदेश

दिल्ली-यूपी में पारा 40°C पार करेगा: मनाली में बर्फबारी, जम्मू में बवंडर

दिल्ली। देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अब भी ठंड और बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.7°C दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों के मुकाबले ज्यादा है। वहीं लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40°C के पार जाने का अनुमान है। आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर मनाली और अटल टनल के आसपास शनिवार शाम हल्की बर्फबारी हुई। रात में यहां तापमान गिरकर -7°C तक पहुंच गया, जिससे ठंड का असर बना हुआ है। इसी तरह जम्मू के अखनूर इलाके में शनिवार शाम बवंडर देखने को मिला, जिसने मौसम में अचानक बदलाव ला दिया।

भोपाल में तापमान 36°C तक पहुंच चुका है और 15 अप्रैल से नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने के बाद गर्मी और बढ़ेगी। वहीं शेखावाटी क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हल्की राहत मिली थी, लेकिन अब तापमान फिर बढ़ने लगेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 और 14 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में भीषण गर्मी पड़ सकती है। कई जगहों पर तापमान 38°C से 42°C के बीच रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की भी संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button